गुड़गांव, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। गुड़गांव में चार अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी और कम से कम दो लोगों को घायल कर दिया। पुलिस घटना को गैंगवार से जोड़ कर देख रही है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “मोटरसाइकिल सवार चार अज्ञात लोगों ने यहां रेल रोड पर मंगलवार को 12.30 बजे के आसपास मनीष गुज्जर की एसयूवी गाड़ी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। मनीष जेल में बंद अपराधी बिंदर गुज्जर का भाई था।”
गुज्जर शराब व्यापारी था, जो घटना के वक्त पैसे लेने रेलवे रोड स्थित अपनी दुकान की तरफ जा रहा था।
पुलिस ने कहा कि उसे एक दर्जन गोलियां लगीं।
उसे मेदांता मेडिसिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना में गुज्जर का ड्राइवर सुखबीर तथा उसका एक निकट सहयोगी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
अपराधी से राजनीतिज्ञ बने बिंदर गुज्जर कथित तौर पर हत्या, हत्या का प्रयास, जबरन उगाही तथा कई अन्य अपराधों में शामिल रहा है और वर्तमान में जेल में है।
गुज्जर के करीबी सहयोगी और बदमाश महेश उर्फ अटैक को 21 सितम्बर को झारसा चौक के पास उसके प्रतिद्वंद्वी कौशल व उसके साथियों ने मिलकर मार डाला था। घटना के वक्त महेश अपनी एसयूवी से घर लौट रहा था।
माना जाता है कि कौशल का मारे गए एक अन्य बदमाश संदीप गडोली से काफी नजदीकी संबंध था।
गडोली को मुंबई के एक होटल में सात फरवरी को गुड़गांव पुलिस ने एक मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था। गडोली को मरवाने में कथित रूप से बिंदर गुज्जर का हाथ माना जा रहा है।
मुठभेड़ को फर्जी बताए जाने पर इसकी जांच की गई। मुंबई के एक विशेष जांच दल ने फर्जी मुठभेड़ के मामले में सर्वोच्च न्यायालय में अपनी रिपोर्ट दाखिल की है। मुठभेड़ में गुड़गांव के पांच पुलिसकर्मी व तीन अन्य लोग शामिल बताए गए हैं।
dharmpath.com dharmpath