भोपाल-हिंदू धर्म में नवरात्रि का पर्व बहुत ही खास होता है और देशभर में इसे पूरी आस्था के साथ मनाया जाता है. बता दें कि नवरात्रि साल में एक या दो बार नहीं, बल्कि चार बार आते हैं. जिसमें चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि के अलावा दो बार गुप्त नवरात्रि भी होते हैं. गुप्त नवरात्रि की बात करें तो पहली आषाढ़ माह में और दूसरी माघ माह में होती है.
माघ नवरात्रि हर साल माघ माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा से नवमी तक मनाई जाती है इस नवरात्रि का मुख्य उद्देश्य आत्मिक शुद्धि, साधना और मंत्र जाप माना गया है.धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गुप्त नवरात्रि के इस नौ दिवसीय पर्व में सच्चे मन से मां दुर्गा और उनके नौ स्वरूपों का पूजन किया जाता है. कहते हैं कि मां दुर्गा की उपासना करने से भक्तों की हर मनोकामना पूरी होती है. इसके साथ ही विशेष कामों में शीघ्र सफलता भी मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है.
साल 2026 में माघ माह के गुप्त नवरात्रि 19 जनवरी से शुरू होकर 27 जनवरी तक चलेंगे. वैदिक पंचांग के अनुसार, माघ माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि 19 जनवरी को देर रात 1 बजकर 21 मिनट से शुरू होगी और अगले दिन यानि 20 जनवरी को 2 बजकर 14 मिनट पर समाप्त होगी. ऐसे में उदयातिथि के अनुसार गुप्त नवरात्रि की शुरुआत 19 जनवरी को घटस्थापना के साथ होगी.
dharmpath.com dharmpath