पणजी, 21 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि 2017 के गोवा विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच लड़ाई है। कांग्रेस का इसमें भी उसी तरह सफाया हो जाएगा, जैसा दिल्ली विधानसभा के पिछले चुनाव में हुआ था।
केजरीवाल ने क्वे पेम में ‘गोवा डायलॉग्स’ बैठक में कहा, “कांग्रेस इस चुनाव में कहीं नहीं ठहरती। यह भाजपा और आप के बीच सीधी ठक्कर है। आप मुझसे लिखित में ले लीजिए कि कांग्रेस को दिल्ली की तरह ही गोवा में भी एक सीट हासिल नहीं होगी।”
आप नेता ने गोवा की जनता से कहा, “कांग्रेस को वोट देकर आपको अपना वोट बर्बाद नहीं करना चाहिए।”
आप नेता ने कहा कि भाजपा शासित गोवा में भ्रष्टाचार का हाल कांग्रेस के शासन से काफी बुरा हो गया है। मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर और उनके पूर्ववर्ती मनोहर पर्रिकर ने लोगों के साथ धोखा किया है।
केजरीवाल ने कहा, “लोगों ने पर्रिकर पर भरोसा किया था और अब वे सभी खुद को धोखे का शिकार महसूस कर रहे हैं। वे अब मानते हैं कि भाजपा कांग्रेस से भी बदतर है। जो भाजपा को वोट देना चाहते हैं, वे कृपया फिर से सोचें। भाजपा गोवा को भविष्य या उम्मीद नहीं दे सकती।”
केजरीवाल ने कहा, “राजनीतिक समर्थन के बिना मादक पदार्थ एक दिन भी नहीं बेचे जा सकते। मादक पदार्थो का गोरखधंधा राजनीतिक समर्थन से ही चलता है।”
केजरीवाल ने कहा, “राजनीतिज्ञों की जेब में जब मादक पदार्थो का पैसा आता है, तो वे पुलिस को निष्क्रिय होने को कह देते हैं। अगर मुख्यमंत्री मादक पदार्थो के लिए पैसा लेते हैं, तभी मादक पदार्थो का व्यापार फलता-फूलता है। ईमानदार पार्टी को वोट दीजिए।”
dharmpath.com dharmpath