ग्वालियर-मध्य प्रदेश के ग्वालियर के शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय में स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर बीएएमएस इंटर्न छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। गुरुवार को छात्रों ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर नारेबाजी की। वे वर्तमान में मिल रहे 9383 रुपये मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर 22,500 रुपये करने और एमबीबीएस इंटर्न के समान मानदेय देने की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि करीब एक महीने से आश्वासन मिलने के बावजूद उन्हें अब तक कोई लिखित आदेश नहीं मिला है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों के मुताबिक, वे पिछले एक महीने से अपनी मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठा रहे थे। इस दौरान धरना देने के साथ रैली भी निकाली गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। छात्रों का आरोप है कि उन्हें लगातार बातचीत होने की जानकारी दी जा रही है लेकिन स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर ठोस निर्णय सामने नहीं आया। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला लगाकर विरोध दर्ज कराया।
dharmpath.com dharmpath