चुनाव आयोग से भाजपा की शिकायत

नई दिल्ली, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। जनता दल (युनाइटेड) और कांग्रेस ने शुक्रवार को चुनाव आयोग में भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इन दलों ने भाजपा पर बिहार चुनाव में विज्ञापनों के जरिए “झूठ फैलाने, झूठा प्रचार करने और सांप्रदायिक तनाव फैलाने” का आरोप लगाया है।

कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला और अजय कुमार तथा जद(यू) के के.सी.त्यागी ने मुख्य चुनाव आयुक्त नसीम जैदी को दिए गए ज्ञापन में कहा, “बिहार चुनाव में भाजपा विज्ञापनों के जरिए झूठ फैला रही है, झूठा प्रचार कर रही है और सांप्रदायिक तनाव फैला रही है। सांप्रदायिक तनाव फैलाने की वजह से चुनाव प्रक्रिया पर बुरा असर पड़ा है।”

अपनी बात को सही साबित करने के लिए नेताओं ने जैदी को अपने ज्ञापन के साथ भाजपा के विज्ञापनों के कुछ अंश दिए हैं।

ज्ञापन में कहा गया है, “आप इन विज्ञापनों से देख सकते हैं कि यह शब्दों और अस्पष्ट संदर्भो के उपयोग और दुरुपयोग के जरिए झूठा प्रचार और सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की एक बेशर्म कोशिश है। इनका इस्तेमाल अलग-अलग गुट, समुदायों के बीच हिंसा भड़काने के लिए कर सकते हैं।”

ज्ञापन में ऐसे ही एक विज्ञापन के बारे में बताया गया है, “(भाजपा का) एक विज्ञापन कहता है कि राष्ट्रीय जनता दल-जनता दल (युनाइटेड) और कांग्रेस के नेता वोट के लिए एक समुदाय विशेष को खुश करने के लिए आतंकवादियों को शरण स्थल प्रदान करते हैं। इस समुदाय विशेष का नाम इससे पहले के एक विज्ञापन के संदर्भ में साफ हो जाता है जिसमें कहा गया है कि दलितों का निवाला छीनकर राजद, जद-यू और कांग्रेस मुस्लिम समुदाय का तुष्टिकरण कर रहे हैं।”

ज्ञापन में कहा गया है, “विज्ञापन आरोप लगाता है कि जद-यू नेताओं की लापरवाही की वजह से बिहार में लश्कर-ए-तैयबा और पाकिस्तानी आईएसआई के आतंकवादी फलफूल रहे हैं। फलने-फूलने शब्द का इस्तेमाल बजाहिर सीधा सादा लगे लेकिन इससे बिहार के समूचे अल्पसंख्यक समुदाय को लश्कर और आईएसआई से जोड़ने के लिए जान बूझकर फैलाए गए संशय की दरुगध आ रही है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493