जम्मू, 11 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में इस वर्ष स्थानीय शहरी निकायों के चुनाव कराने पर अंतिम फैसला लेने के लिए राज्यपाल एन. एन. वोहरा की नेतृत्व वाली राज्य सलाहकार परिषद (एसएसी) यहां शुक्रवार को बैठक करेगी।
प्रशासनिक सूत्रों ने आईएएनएस को बताया कि एसएसी, जम्मू और श्रीनगर के दो नगर निगमों के शहरी क्षेत्रों में स्थानीय निकायों के चुनाव कराने और राज्य की अन्य नगरपालिका परिषदों का चुनाव कराने के लिए औपचारिक रूप से राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से अनुरोध करेगी।
दो नगर निगमों, छह नगरपालिका परिषदों और 72 नगरपालिका समितियों के सदस्यों का चुनाव होना है। ये चुनाव पिछले पांच वर्षो से लंबित हैं।
संभावना जताई जा रही है कि राज्यपाल इन चुनावों में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) के उपयोग का मार्ग प्रशस्त करने के लिए नगर निगमों के चुनाव नियमों में संशोधन कर सकते हैं।
राज्यपाल के प्रशासन के अनुसार, राज्य में स्थानीय नगरीय शासकीय निकायों के न होने की वजह राज्य को वित्त आयोग से मिलने वाले 169 करोड़ रुपये और केंद्रीय आवंटन में मिलने वाले 125 करोड़ रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है।
dharmpath.com dharmpath