जम्मू में धुंध भरी सुबह, चिल्लई कलां पूरी होने को

जम्मू/श्रीनगर, 31 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू में रविवार सुबह कोहरे भरी रही। न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दृश्यता कम होने की वजह से दुपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।

जम्मू क्षेत्र में बारिश व बदली छाने से कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान में सुधार आया है। जम्मू एवं कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में शनिवार शाम हुई बर्फबारी की वजह से पारा लुढ़का है।

मौसम विभाग ने पूरे राज्य में मंगलवार तक मौसम शुष्क रहने के आसार जताए हैं।

कश्मीर में 40 दिनों तक पड़ने वाली कड़ाके की ठंड की अवधि चिल्लई कलां रविवार को पूरी हो रही है।

राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में रविवार को न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य में लेह कस्बा सबसे सर्द रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 11.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, श्रीनगर और जम्मू शहर में दिन का अधिकतम तापमान क्रमश: 10 व 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने के आसार हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493