जम्मू में बीएसएफ संग आईटीबीपी की तैनाती नहीं (लीड-1)

जम्मू, 21 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू क्षेत्र में भारत और पाकिस्तान के बीच अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ आईटीबीपी की तैनाती से जुड़ी खबरों का सोमवार को परोक्ष रूप से खंडन किया।

सिंह ने सांबा जिले के कगवाल क्षेत्र में आईटीबीपी की 47वीं बटालियन के मुख्यालय के उद्घाटन के दौरान कहा, “भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) लद्दाख क्षेत्र में भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर तैनात है। आईटीबीपी हिमालय की गोद की रक्षा करती है।”

उन्होंने कहा, “राज्य में हिमालय की गोद तक पहुंचने के लिए कठुआ से प्रवेश किया जाता है, जहां आईटीबीपी एलएसी की सुरक्षा में तैनात है। हिमालय तक पहुंचने के लिए इसके प्रवेश द्वार पर आईटीबीपी की बटालियन की तैनाती जरूरी है।”

सिंह के इस बयान से जम्मू क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ की ताकत बढ़ाने के लिए आईटीबीपी के दस्ते को तैनात करने की खबरों पर परोक्ष रूप से विराम चिह्न लग गया है।

इस उद्घाटन समारोह में जम्मू एवं कश्मीर के उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह और आईटीबीपी और बीएसएफ के महानिदेशक मौजूद थे।

राजनाथ जम्मू एवं कश्मीर के लद्दाख क्षेत्र में भारत और चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा की स्थिति का जायजा लेने के लिए सोमवार अपराह्न् लेह में होंगे।

वह जम्मू एवं कश्मीर की तीन दिवसीय यात्रा पर सोमवार सुबह ही जम्मू पहुंचे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493