मुंबई, 13 जुलाई (आईएएनएस)। विवादित मुस्लिम उपदेशक जाकिर नाईक को गुरुवार को मुंबई में संवाददाता सम्मेलन के लिए जगह मिल गई है। उनके एक सहयोगी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नाईक मुंबई की मीडिया से दक्षिण मुंबई के अग्रीपाड़ा स्थित महफिल हॉल में स्काइप के माध्यम से बातचीत करेंगे, क्योंकि फिलहाल वह विदेश में हैं।
इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन ने बुधवार सुबह कहा था कि मुंबई में मीडिया को संबोधित करने के लिए उसे जगह नहीं मिल रही है।
तीन पांच सितारा होटलों और वर्ल्ड ट्रेड सेंटर (डब्ल्यूटीसी) सहित चार जगहों ने उसे स्काइप के माध्यम से संवाददाता सम्मेलन करने की मंजूरी नहीं दी।
इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) के एक प्रवक्ता ने कहा कि डब्ल्यूटीसी ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन करने देने की मंजूरी दी थी, लेकिन बुधवार को उसने मना कर दिया।
प्रवक्ता ने कहा, “यह बेहद अजीब और अनुचित है। आखिर हुआ क्या है? निश्चित तौर पर होटलों को नाईक के संवाददाता सम्मेलन के लिए जगह देने से रोका गया।”
आलोचकों का कहना है कि नाईक के उपदेशों से युवा कट्टरपंथी बनते हैं।
इससे पहले नाईक के प्रवक्ता ने दावा किया कि कम से कम तीन होटलों तथा डब्ल्यूटीसी ने जगह देने की पुष्टि की, लेकिन अंत में सभी ने बुकिंग रद्द कर दी। डब्ल्यूटीसी ने सबसे अंत में ऐसा किया।
प्रवक्ता ने कहा कि नाईक व्याख्यान के लिए सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) तथा अफ्रीका के दौरे पर हैं। करीब दो सप्ताह बाद उनके मुंबई लौटने की संभावना है।
शिव सेना तथा अन्य संगठनों ने उनकी गिरफ्तारी की मांग की है, वहीं आईयूएमएल (इंडियन यूनियम मुस्लिम लीग) तथा एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) ने नाईक का समर्थन करते हुए कहा है कि वे साजिश का शिकार हुए हैं।
dharmpath.com dharmpath