हैदराबाद, 2 फरवरी (आईएएनएस)। ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कारपोरेशन (जीएचएचसी) चुनाव के लिए मंगलवार को सिने हस्तियां आगे आईं और शहरी मतदाताओं से मतदान करने की अपील की।
बालाकृष्णा, जूनियर एनटीआर, नागार्जुन और अल्लू अर्जुन सहित कई जाने-माने तेलुगू अभिनेताओं ने मंगलवार को जुबली हिल्स इलाके में बने मतदान केंद्रों में वोट डाला।
प्रसिद्ध अभिनेता नागार्जुन अपनी पत्नी अमला के साथ वोट डालने आए। उन्होंने लोगों से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।
नागार्जुन ने कहा, “मतदाताओं में अधिकांश युवा हैं। वे अक्सर शिकायत करते हैं कि उनके पास सुख-सुविधाओं की कमी है। उन्हें आगे आना चाहिए और बेहतर प्रतिनिधियों को चुनना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि उनके बेटे अखिल का नाम मतदाता सूची में नहीं है।
दिग्गज अभिनेता बालाकृष्णा ने जुबली हिल्स इलाके में बने मतदान केंद्र में वोट डाला।
बालाकृष्णा की विवाहित बेटी ब्राह्मणि ने भी वोट डाला। ब्राह्मणि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के बेटे लोकेश की पत्नी हैं। वह पति व अपनी सास भुवनेश्वरी के साथ वोट डालने पहुंचीं।
मशहूर अभिनेता जूनियर एनटीआर ने लोगों से अपील करते हुए कहा, “कृपया करके जिम्मेदार नागरिक बनें और मतदान करें। आप मताधिकार का प्रयोग करके ही उंगली उठा सकते हैं।”
युवा अभिनेता अल्लू अर्जुन ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “मतदान करें। अगर आप मतदान नहीं करते तो आपको शिकायत करने का भी कोई अधिकार नहीं है।”
मूवी आर्टीज एसोसिएशन (एमएए) के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अपने परिवार के साथ वोट डालने आए।
हैदराबाद में आमतौर पर मतदाता मतदान के प्रति उदासीन रहे हैं। 2009 के जीएचएमसी चुनावों में 45 फीसदी से भी कम मतदान हुआ था।
dharmpath.com dharmpath