टी-20 विश्व कप : भारत ने न्यूजीलैंड को 126 रनों पर रोका (लीड-1)

नागपुर, 15 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने विदर्भ क्रिकेट संघ मैदान पर मंलवार को जारी टी-20 विश्व कप के पहले मैच में भारत के सामने 127 रनों का लक्ष्य रखा है। यह विश्व कप के सुपर-10 दौर के ग्रुप-2 का पहला मैच है।

टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कीवी टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 126 रन बनाए। टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन कोरी एंडरसन (34) ने बनाए।

न्यूजीलैंड के सलमी बल्लेबाज मार्टिन गुपटिल (6) ने पारी का पहला ओवर लेकर आए रविचन्द्रन अश्विन की पहली गेंद पर उनके सर के ऊपर से शानदार छक्का जड़ अपने इरादे जता दिए थे। अश्विन ने हालांकि दूसरी गेंद पर वापसी की और गुपटिल को पगबाधा कर पवेलियन का रास्ता दिखाया।

अगले ही ओवर में आशीष नेहरा ने कोलिन मुनरो (7) को हार्दिक पंड्या के हाथों कैच करा टीम को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद मैदान पर आए एंडरसन ने कप्तान केन विलियमसन (8) के साथ पारी को आगे बढ़ाया।

यह साझेदारी जब खतरनाक दिख रही थी तभी पार्ट टाइम गेंदबाज सुरेश रैना ने विलियिमसन को पवेलियन भेजा।

रॉस टेलर (10) भी रन आउट होकर पवेलियन लौटे। खतरनाक दिख रहे एंडरसन को जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड कर टीम को बड़ी सफलता दिलाई। मिशेल सैंटनर (18) से टीम को उम्मीदें थीं लेकिन तेजी से रन बटोरने के चक्कर में वह रविन्द्र जडेजा की गेंद पर स्टम्प हो गए।

अंतिम ओवरों में ल्यू रोंची ने 11 गेंदों में 21 रन बटोर कर कीवी टीम को 126 के स्कोर तक पहुंचाया। रोंची ने दो चौके लगाए और एक छक्का जड़ा।

भारत की तरफ से अश्विन, नेहरा, बुमराह, रैना, जडेजा सभी ने एक-एक विकेट लिया। दो बल्लेबाज रन आउट हुए और एक बल्लेबाज स्टम्प हुआ।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493