गुड़गांव, 11 मई (आईएएनएस)। यहां ट्रेनिंग ले रहे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक अधिकारी ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। वह कर्नाटक के रहने वाले थे।
पुलिस ने बुधवार को कहा कि अंडर ट्रेनिंग असिस्टेंट कमांडेंट मोहम्मद मोनुसुल (30) यहां कादरपुर कैंप में छात्रावास के अपने कमरे में पंखे से लटके मिले। छात्रावास गुड़गांव शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर है।
मोनुसुल मूलरूप से कर्नाटक के बेलगाम शहर के रहने वाले थे। वह एक साल की ट्रेनिंग पर थे, जो पिछले साल सितंबर में शुरू हुई थी।
उन्होंने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें लिखा है कि उनकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है।
पुलिस अधिकारी सुरेश कुमार ने आईएएनएस के समक्ष सुसाइड नोट पढ़ा, जिसमें लिखा है, “मेरे सभी दोस्त अच्छे हैं और मेरे सभी ट्रेनिंग अफसर भी अच्छे हैं। मैं आत्महत्या कर रहा हूं।”
अविवाहित मोनुसुल ने अपने इस कदम के लिए अपने परिवार से माफी भी मांगी। उन्होंने लिखा, “मैं मरना नहीं चाहता लेकिन मैं मर रहा हूं। मैं जानता हूं कि शायद मुझे दोजख नसीब हो, लेकिन मैं जा रहा हूं।”
शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
मोनुसुल के सहकर्मियों ने पुलिस को बताया कि वह खुदकुशी से पूर्व बिल्कुल सामान्य नजर आ रहे थे।
dharmpath.com dharmpath