सेंट पीटर्सबर्ग, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। ब्रिटेन की अग्रणी महिला टेनिस खिलाड़ी योहान्ना कोंटा पहली बार महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) की सोमवार को जारी ताजा रैंकिंग में शीर्ष-10 में जगह बनाने में कामयाब रहीं हैं। उन्हें नौवां स्थान मिला है।
हाल ही में संपन्न हुए चीन ओपन के फाइनल में जगह बना कर उन्होंने शीर्ष-10 में अपना स्थान पक्का कर लिया था। उनके 3,455 अंक हैं।
कोंटा 1984 के बाद पहली ब्रिटिश महिला टेनिस खिलाड़ी हैं जो डब्ल्यूटीए की विश्व रैंकिंग में शीर्ष-10 में जगह बनाने में सफल हुई हैं। इससे पहले यह उपलब्धि जो ड्यूरी के नाम था।
हालांकि चीन ओपन के फाइनल में उन्हें पोलैंड की एग्निएस्का रादवांस्का के हाथों हार झेलनी पड़ी। रादवांस्का को विश्व रैंकिंग में तीसरा स्थान मिला है। उनके 6,145 अंक हैं।
जर्मनी की एंजेलिक केर्बर ने 8,390 अंकों के साथ अपना शीर्ष स्थान कायम रखा है। पूर्व नंबर एक अमेरिकी दिग्गज सेरेना विलियम्स दूसरे स्थान पर कायम हैं। रोमानिया की सिमोना हालेप और चेक गणराज्य की कैरोलिना प्लिस्कोवा को क्रमश: चौथा एवं पांचवां स्थान हासिल हुआ है।
डब्ल्यूटीए रैंकिंग :
1. एंजेलिक केर्बर (जर्मनी) – 8,390 अंक
2. सेरेना विलियम्स (अमेरिका) – 7,050 अंक
3. एग्निएस्का रादवांस्का (पोलैंड) – 6,145 अंक
4. सिमोना हालेप (रोमानिया) – 5,097 अंक
5. कैरोलिना प्लिस्कोवा (चेक गणराज्य) – 4,450 अंक
6. गारबाइन मुगुरुजा (स्पेन) – 4,399 अंक
7. मैडिसन कीज (अमेरिका) – 3,687 अंक
8. स्वेतलाना कुजनेत्सोवा (रूस) – 3,540 अंक
9. योहान्ना कोंटा (ब्रिटेन) – 3,455 अंक
10. डोमिनिका सिबुल्कोवा – (स्लोवाकिया) 3,445 अंक
dharmpath.com dharmpath