चेन्नई, 18 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु और पुदुच्चेरी में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश होती रहेगी। खराब मौसम को देखते हुए मछुआरों को अगले 48 घंटों के दौरान समुद्र में नहीं उतरने की सलाह दी गई है।
भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में बना दबाव का क्षेत्र चेन्नई से 90 किलोमीटर पूर्व और तट से 70 किलोमीटर दूर पहुंच गया है।
इसके उत्तर-पूर्वोत्तर की ओर बढ़ने तथा दबाव की गहराई बढ़ने के आसार हैं, जिससे अलगे 48 घंटे के दौरान चक्रवाती तूफान की आशंका है।
तमिलनाडु के सुदूरवर्ती क्षेत्रों और दक्षिण तटीय इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश के आसार हैं।
आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तटीय इलाकों में भी अगले 48 घंटों के दौरान भारी बारिश के आसार हैं।
खराब मौसम को देखते हुए जहां मछुआरों को समुद्र में नहीं उतरने की सलाह दी गई है, वहीं तमिलनाडु सरकार ने वरिष्ठ अधिकारियों को एहतियात के तौर पर उन क्षेत्रों में तैनात किया है, जहां भारी बारिश होने की संभावना है।
चेन्नई में लगातार बारिश के कारण सीवर लाइन पहले ही भर चुकी है। कई स्थानों पर पानी सड़कों पर बाहर निकल आया है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
dharmpath.com dharmpath