तीस्ता समाधान भारत-बांग्लादेश संबंधों का स्वरूप बदल देगा : हसीना

नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सोमवार को कहा कि लंबे समय से लंबित तीस्ता जल बंटवारा मुद्दे का समाधान भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों का स्वरूप बदल देगा।

दिल्ली के इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित स्वागत समारोह में हसीना ने कहा, “तीस्ता मुद्दे पर एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी ने जल बंटवारे का समाधान जल्द से जल्द करने का अपनी सरकार का मजबूत संकल्प दोहराया है।”

उन्होंने कहा, “एक बार इसके होने के बाद भारत-बांग्लादेश के संबंधों का स्वरूप व्यापक तौर पर बदल जाएगा।”

दोनों पड़ोसियों के बीच साझा जल संसाधनों पर हसीना ने कहा, “हम दृढ़ता से मानते हैं कि हमारे साझा जल संसाधनों पर हमें एकजुट होकर कार्य करना चाहिए।”

इस मुद्दे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ अपनी बातचीत पर उन्होंने कहा, “लेकिन मैं नहीं जानती कि दीदी (ममता) क्या करेंगी। उनके साथ बातचीत में उन्होंने मुझे एक नया मोड़ दे दिया, लेकिन मोदी जी ने भरोसा दिया कि हम मामले को देख रहे हैं।”

उन्होंने कहा, “हमने पानी के लिए कहा था, लेकिन वह हमें बिजली दे रही हैं। कम से कम हमें कुछ मिला।”

हालांकि साल 2011 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की बांग्लादेश यात्रा से पहले तीस्ता जल बंटवारा समझौते का मसौदा तैयार किया गया था, लेकिन आखिरी क्षण में मसौदे के प्रावधानों पर बनर्जी के विरोध जताने के बाद इसे वापस लेना पड़ा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493