कोलकाता, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सदस्य सुदीप बंद्योपाध्याय को धमकी भरा संदेश भेजने वाले एक 32 वर्षीय व्यक्ति को बुधवार को यहां गिरफ्तार कर लिया गया।
कोलकाता, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा सदस्य सुदीप बंद्योपाध्याय को धमकी भरा संदेश भेजने वाले एक 32 वर्षीय व्यक्ति को बुधवार को यहां गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने कहा कि लोकसभा में तृणमूल के नेता बंद्योपाध्याय को उनके मोबाइल फोन पर सोमवार रात धमकी भरा संदेश मिला था और उसके बाद अगले दिन शहर के तालताला पुलिस थाने में एक शिकायत दर्ज कराई गई थी।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “हमने दीपांजन मित्रा नामक एक व्यक्ति को धमकी भरा संदेश बंद्योपाध्याय को भेजने के लिए गिरफ्तार किया है। वह पेशे से वेब डिजाइनर हैं और उसने संदेश भेजने की बात स्वीकार कर ली है।”
बंद्योपाध्याय ने संसद में इस मुद्दे को उठाते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह से आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया था।
व्यक्ति ने कथित तौर पर गाली गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल करते हुए दिल्ली में बंद्योपाध्याय की हत्या कर उनका शव कोलकाता में फेंकने की धमकी दी थी।
तृणमूल की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मुद्दे पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि संसद में मुखर होने के कारण सांसद को धमकियां मिल रही हैं।
बनर्जी ने मंगलवार को कहा था, “यह किस तरह के बदले की कार्रवाई है? सुदीप को संसद में मुखर होने के लिए जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। प्रत्येक पार्टी को किसी मुद्दे पर बोलने का अधिकार है। लोकतंत्र में आवाज को दबाया नहीं जा सकता।”
dharmpath.com dharmpath