नोएडा (उत्तर प्रदेश), 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में शांति और सौहाद्र्र कायम करने के लिए स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त से वाराणसी से शुरू त्यागार्चना शांति यात्रा मंगलवार देर शाम नोएडा पहुंची। यात्रा का नेतृत्व आध्यात्मिक गुरु स्वामी सच्चिदानंद भारती कर रहे हैं।
नोएडा पहुंचने पर कई सामाजिक और शैक्षणिक संगठनों ने शांति यात्रियों का जोरदार स्वागत किया।
शांति यात्री जगह-जगह नुक्कड़ नाटक, मंचीय नाटक, गीत-संगीत, परिचर्चा और भाषण के जरिए आम जनता को असली धर्म के बारे में जागरूक करने की कोशिश कर रहे हैं।
शांति यात्रियों ने बुधवार सुबह आठ बजे नोएडा से लगी खोड़ा कॉलोनी में नुक्कड़ नाटक ‘भूख बनाम धर्म’ के माध्यम से धार्मिक अशांति पर शांति का संदेश देने की कोशिश की। उसके बाद नोएडा सेक्टर-62 स्थित फादर अग्नेल स्कूल में शांति यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया।
स्कूल के प्रेक्षागृह में सुबह नौ बजे आयोजित कार्यक्रम में स्वामी सच्चिदानंद ने बच्चों को धर्म का सही अर्थ समझाया और उस अर्थ को जीवन में उतारने का आग्रह किया। प्रेरणा कलामंच, वाराणसी के कलाकारों ने मुंशी प्रेमचंद की कहानी ‘मंदिर मस्जिद’ पर आधारित नाटक ‘अमानत’ का भावपूर्ण मंचन किया।
स्कूल के निदेशक फादर कारवाल्हो ने इस यात्रा के लिए स्वामी सच्चिदानंद और अन्य सभी शांति यात्रियों के प्रति आभार जताया।
शांति यात्रियों का जत्था इसके बाद गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम प्रस्थान कर गया, जहां सेंट फ्रांसिस स्कूल के प्रेक्षागृह में स्वामी सच्चिदानंद के संबोधन के बाद ‘अमानत’ नाटक का मंचन हुआ।
यात्रा के संयोजक फादर आनंद ने आईएएनएस को बताया कि गुरुवार को शांति यात्री ग्रेटर नोएडा जाएंगे, जहां फादर अग्नेल स्कूल और सेंट जोजेफ स्कूल में विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच इसी तरह के कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाने हैं।
आनंद ने कहा कि शुक्रवार को शांति यात्रा कासना पहुंचेगी, और वहीं से शांति यात्री गढ़मुक्ते श्वर के लिए रवाना हो जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath