त्रिपुरा में 152.46 अरब रुपये का करमुक्त बजट पेश

अगरतला, 18 मार्च (आईएएनएस)। त्रिपुरा के वित्तमंत्री तपन चक्रवर्ती ने शुक्रवार को आगामी वित्तवर्ष के लिए 152.446 अरब रुपये का करमुक्त बजट पेश किया। यह 1.88 अरब रुपये घाटे का बजट है।

राज्य में बजट सत्र के प्रथम दिन पेश बजट में न तो कोई नया कर लगाया गया है और न ही किसी पुराने कर में वृद्धि की गई है।

चक्रवर्ती ने कहा कि राज्य में बिजली की स्थिति बेहतर होने से त्रिपुरा बांग्लादेश को 100 मेगावाट बिजली आपूर्ति करने के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष में अनाज उत्पादन 8.62 लाख टन रहने का अनुमान है, जो वर्तमान वित्तवर्ष में 8.12 लाख टन रह सकता है।

उन्होंने बताया, “त्रिपुरा पूर्वोत्तर का पहला राज्य है, जिसने गत वर्ष सितंबर में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 अपना लिया है, जिसका लाभ 25 लाख लोगों को मिल रहा है। इसके तहत तीन रुपये की जगह दो रुपये प्रति किलोग्राम की दर से चावल दिया जा रहा और राज्य सरकार अपनी ओर से प्रति किलोग्राम एक रुपये की सब्सिडी दे रही है।”

चक्रवर्ती ने कहा कि राज्य में बांस उत्पादन और बांस आधारित उद्योग को बढ़ावा देने के लिए चीन का मोजो बांस लाया जाएगा।

उन्होंने कहा, “रबर, बांस, चाय, प्राकृतिक गैस, फल और सब्जियों जैसे स्थानीय संसाधनों की पहचान अधिकतम मूल्य वर्धन के लिए प्राथमिकता क्षेत्र के रूप में की गई है।”

उन्होंने कहा कि स्थानीय संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए पूंजी निवेश सब्सिडी को अगले महीने से 25 फीसदी से बढ़ाकर 35 फीसदी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य में खेल को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ‘ग्रामीण खेल’ नाम से एक नई योजना शुरू करेगी।

1.88 अरब रुपये के वित्तीय घाटे के बारे में राज्य के प्रधान वित्त सचिव जीएसजी अय्यंगर ने इस बीच कहा है कि इसकी भरपाई करने के लिए गैर विकास खर्च घटाए जाएंगे और अधिक संसाधन जुटाए जाएंगे, कर वसूली और बेहतर तरीके से की जाएगी और किफायत के अधिक प्रभावी तरीके अपनाए जाएंगे।

उन्होंने कहा, “ऐसे ही प्रयासों से हमने वर्तमान वित्तवर्ष में 1.88 अरब रुपये के वित्तीय घाटे की भरपाई की गई है।”

वित्तमंत्री ने यह भी बताया कि केंद्रीय करों और शुल्कों में राज्य की हिस्सेदारी अगले वित्त वर्ष से 42.99 अरब रुपये हो जाएगी, जो वर्तमान वित्त वर्ष में 18.90 अरब रुपये है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493