नई दिल्ली, 19 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिमी दिल्ली में एक पांच मंजिला इमारत के ढहने की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है, वहीं 13 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना शनिवार रात को हुई और इस समय बचाव अभियान जारी है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “शनिवार रात पांच मंजिला इमारत के ढहने की घटना में पांच लोगों की मौत हो गई है और 13 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दमकल विभाग, पुलिस और स्थानीय लोग बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।”
पुलिस को संदेह है कि पश्चिमी दिल्ली के विष्णु गार्डन इलाके में पांच मंजिला इमारत अवैध रूप से निर्मित था।
दिल्ली अग्निशमन सेवा को शनिवार रात 9.10 बजे दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल की आठ गड़ियां, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), पुलिस एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा प्रमुख ए. के. शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि बचावकर्मी मलबे में दबे एक व्यक्ति को तलाश रहे हैं।
उन्होंने कहा, “हम इस समय बचाव अभियान समाप्त नहीं कर रहे, क्योंकि लोगों को संदेह है कि एक व्यक्ति मलबे के नीचे दबा हो सकता है। हम उस व्यक्ति को तलाश रहे हैं।”
शर्मा ने कहा कि बचाव दल को काम में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा रहा है, क्योंकि इमारत बेहद संकरी और भीड़भाड़ वाली गली में थी।
dharmpath.com dharmpath