नई दिल्ली, 3 जून (आईएएनएस)। बाहरी दिल्ली के बादली इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या एक पर शुक्रवार सुबह एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार एक खड़े ट्रक में घुस गई, जिससे कार में सभी सवार छह युवकों की मौत हो गई।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “सुबह करीब 4.30 बजे रष्ट्रीय राजमार्ग संख्या एक पर दुर्घटना के बारे में हमें फोन कर बताया गया कि एक फोर्ड इकोस्पोर्ट कार ने एक माल लदे खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। पंक्च र होने के कारण ट्रक खड़ा था।”
अधिकारी ने कहा, “अस्पताल ले जाए जाने पर सभी छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।”
यह दुर्घटना बाहरी दिल्ली के बादली इलाके में बुधपुर गांव के निकट हुई।
दुर्घटना के बाद सभी पीड़ितों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी को मृत घोषित कर दिया गया।
सभी मृतकों की उम्र 20 से 30 साल के बीच है, जिनकी पहचान विवेकानंद, अमित, निशांत, विकास, अंसार अहमद और दीपक यादव के रूप में हुई है।
अधिकारी ने कहा कि विवेकानंद, अमित और अंसार अहमद पूर्वी दिल्ली में सोनिया विहार के रहने वाले थे। निशांत लोनी के लालबाग और विकास उत्तर प्रदेश के अम्बेडकरनगर के निवासी थे, जबकि दीपक यादव पश्चिमी दिल्ली के महावीर एंक्लेव के रहने वाले थे।
अधिकारी ने कहा कि अभी तक पता नहीं चला है कि ये सभी लोग कहां जा रहे थे।
अधिकारी ने कहा, “हमने ट्रक के ड्राइवर शंभु तुरी (35) को गिरफ्तार कर लिया है। वह दुर्घटना स्थल से वाहन को लेकर भाग रहा था, जिसे अलीपुर इलाके के बकौली गांव के पास पकड़ लिया गया।”
बादली पुलिस थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 304ए(लापरवाही के कारण मौत) के तहत एक मामला दर्ज कर लिया गया।
मृतकों के शवों को अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया गया और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।
dharmpath.com dharmpath