नई दिल्ली, 16 जनवरी (आईएएनएस)। पुलिस ने सोमवार को कहा कि दुष्कर्म के मामले में पुलिस की गिरफ्त में आया एक आरोपी पर 50 से ज्यादा पीड़ितों को निशाना बनाने में शामिल हो सकता है। हालांकि आरोपी का दावा है कि उसने सभी से दुष्कर्म नहीं किया।
दुष्कर्म आरोपी के अभी तक आठ मामलों में शामिल होने की पुष्टि हुई है। पुलिस को आशंका है कि बहुत सारे मामले सामने नहीं आ सके हैं।
पुलिस उपायुक्त ओमवीर सिंह बिश्नोई ने आईएएनएस से कहा, “हम अभी मामले की जांच कर रहे हैं और पीड़ितों के माता-पिता के आगे आकर शिकायत करने का इंतजार कर रहे हैं।”
बिश्नोई ने कहा, “हमें आरोपी सुनील रस्तोगी ने बताया कि उसने कुल पीड़ितों में करीब 20 फीसद से दुष्कर्म किया। हमें संदेह है कि उसने 50 या उससे अधिक नाबालिग लड़कियों के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।”
उत्तर प्रदेश के रहने वाले आरोपी सुनील रस्तोगी (38) पर बीते सप्ताह पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म और दो अन्य नौ और 10 साल की बच्चियों से छेड़छाड़ का आरोप है।
वह शनिवार की रात गिरफ्तार किया गया।
रस्तोगी ने स्वीकार किया कि उसने राष्ट्रीय राजधानी में न्यू अशोक नगर के अलावा उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद और उत्तराखंड के रुद्रपुर में कई नाबालिग लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया।
अधिकारी ने कहा कि उसके के खिलाफ बहुत से छेड़छाड़ के मामले, चोरी और नशीली दवाओं के मामले कई पुलिस थानों में दर्ज किए गए थे।
पुलिस के अनुसार, बाल सुरक्षा यौन अपराध अधिनियम (पोक्सो) के तहत बच्चों से दुष्कर्म के तीन मामले न्यू अशोक नगर पुलिस थाने में 10 और 13 जनवरी को दर्ज किए गए।
रस्तोगी नाबालिग बच्चों को लुभाने के लिए कहता था कि उनके पिता ने उसे कपड़े और सामान देने के लिए भेजा है। इसके बाद वह अपने शिकार को एकांत जगह ले जाकर उनसे दुष्कर्म की कोशिश करता था।
पुलिस ने कहा कि उसने गर्वमेंट गर्ल्स स्कूल की छात्राओं को भी निशाना बनाया। उनसे दुष्कर्म के बाद वह उन्हें अपने माता-पिता को मामले की जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था।
रस्तोगी हर हमले के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश भाग जाता था।
अधिकारी ने कहा कि रस्तोगी के चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसका ब्रेन मैपिंग और नारको परीक्षण किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath