दोहरा हत्याकांड : अदालत ने चिंतन को पुलिस हिरासत में भेजा

मुंबई, 22 दिसम्बर (आईएएनएस)। चर्चित कलाकार हेमा उपाध्याय और उनके वकील हरीश भंबानी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार आर्टिस्ट चिंतन उपाध्याय को यहां दंडाधिकारी की एक अदालत ने मंगलवार को एक जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया। चिंतन मृतका हेमा के पूर्व पति हैं।

चिंतन से रात भर पूछताछ की गई और मंगलवार तड़के उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया, जिसके बाद उन्हें बोरीवली के दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया था।

उल्लेखनीय है कि सोमवार रात कांदीवली पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए समन किया था।

चिंतन खुद भी एक चर्चित कलाकार हैं और पुलिस ने हत्या के मामले में उनसे पहले भी पूछताछ की थी।

इस दोहरे हत्याकांड में चार लोगों को पहले ही मुंबई और वाराणसी से गिरफ्तार किया जा चुका है।

हेमा के भाई दीपक ने चिंतन पर शक जाहिर किया था, जिसने कुछ वर्ष पूर्व कथित तौर पर कई बार हेमा को जान से मारने की धमकी दी थी।

पिछले सप्ताह पुलिस ने हत्याकांड में संलिप्त होने के आरोप में चार अन्य व्यक्तियों -प्रदीप राजभर, आजाद राजभर, साधु राजभर और विजय राजभर- को गिरफ्तार किया था, जबकि चौथा आरोपी विद्याधर राजभर अभी भी फरार है।

पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार चारों आरोपियों ने दोनों हत्याओं और शवों को मुंबई उपनगर के एक नाले में फेंकने में विद्याधर राजभर की मदद की थी।

कुछ दिनों पहले हेमा और हरीश के अर्धनग्न शवों को प्लास्टिक में लपेटकर कार्डबोर्ड के डिब्बे में रखकर एक टेम्पो में जुहू से कांदीवली ले जाकर एक खुले नाले में फेंक दिया गया था।

पुलिस के मुताबिक, शव वाले डिब्बे 13 दिसम्बर को बरामद हुए थे।

हत्या के पीछे के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है, लेकिन पुलिस का कहना है कि हेमा और उसके पति चिंतन उपाध्याय के बीच पिछले पांच वर्षो से तलाक के लिए मुकदमा चल रहा है। दोनों का विवाह 1998 में हुआ था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493