धांधली से चुनाव नहीं जीते जा सकते : ममता

कोलकाता, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। धांधली की शिकायतों और आरोपों को लेकर बार-बार चुनाव आयोग के पास जाने के लिए विपक्ष का मजाक उड़ाते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि ऐसे तरीकों से चुनाव नहीं जीते जा सकते।

ममता ने कहा कि मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 19 मई को विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद यह बात समझ में आ जाएगी।

तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने मुर्शिदाबाद में एक चुनावी रैली में कहा, “हेराफेरी और शिकायतों से चुनाव नहीं जीते जा सकते। माकपा, कांग्रेस और भाजपा बंगाल चुनाव के नतीजे आने के बाद यह समझ जाएंगे।”

विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण में सोमवार को 18 निर्वाचन क्षेत्रों में भारी संख्या में मतदान के बारे में बात करते हुए ममता ने जोर देकर कहा कि वह माकपा, कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ मतदान था।

माकपा और कांग्रेस गठबंधन पर ममता ने कहा कि मार्क्‍सवादी नेता ‘कांग्रेस के सहयोग के बिना पतवारहीन थे’।

तृणमूल अध्यक्ष ने कहा, “बंगाल में माकपा और कांग्रेस एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।”

भाजपा पर निशाना साधते हुए ममता ने दोहराया कि पार्टी राज्य में विभिन्न समुदायों के बीच दरार पैदा करने की कोशिश कर रही है।

ममता ने कहा, “कांग्रेस और माकपा नीम की पत्तियों जैसी हैं, बेहद कड़वी। भाजपा एक ऐसा कांटा है, जो चुभता है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493