नववर्ष की शुरुआत चुनौती के साथ : जेटली

कोलकाता, 8 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को कहा कि वर्ष 2016 दुनिया के लिए चुनौती के साथ आया है और तेल मूल्य में गिरावट में परिलक्षित होने वाला आर्थिक उतार-चढ़ाव और चीन का संकट आज का नया मानक बन गया है।

उन्होंने बंगाल वैश्विक व्यापार सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में यहां कहा, “2016 दुनिया के लिए चुनौती के साथ शुरू हुआ है। मैं हमेशा कहता रहा हूं कि पहले भी कई मौकों पर चुनौतियां और संकट पैदा हुए हैं। लगभग एक दशक में एक बार।”

जेटली ने कहा, “दुनिया की अर्थव्यवस्थाएं एक-दूसरे से इस हद तक जुड़ गई हैं कि उतार-चढ़ाव नया नियम बन गया है। यह नया मानक हो गया है। पिछले कुछ दिनों में तेल मूल्य में गिरावट देखी गई है। हम अभी चीन में मुद्रा संकट देख रहे हैं। वैश्विक सुस्ती भी सबके सामने है।”

उन्होंने इस बात का भी उल्लेख किया कि विश्व बैंक ने गुरुवार को 2016 के लिए वैश्विक विकास दर के अनुमान को घटाकर 2.9 फीसदी कर दिया है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर भी कई चुनौतियां हैं।

मंत्री ने कहा कि सेवा क्षेत्र में काफी सुधार हुआ है और अब विनिर्माण क्षेत्र में भी तेजी के संकेत दिख रहे हैं।

जेटली ने कहा कि मानसून के सामान्य से कमजोर रहने से भी विकास दर घटी है।

उन्होंने कहा, “लगातार दो मानसून सामान्य से कमजोर रहे हैं, जिसके कारण कृषि विकास दर घटी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में क्रय शक्ति घटी है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493