नवीन ने ओडिशा में एनआईपीईआर की मांग की

भुवनेश्वर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शुक्रवार को केंद्र सरकार से राज्य में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्माश्यूटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (एनआईपीईआर) स्थापित करने की मांग की।

अभी देश में कुल सात एनआईपीईआर हैं और छह नए एनआईपीईआर का प्रस्ताव है।

पटनायक ने केंद्रीय रसायन एवं ऊर्वरक मंत्री अनंत कुमार को लिखे एक पत्र में कहा है, “फार्मा क्षेत्र के लिए जरूरी उच्च दक्षता वाले मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ाने के लिए ओडिशा सरकार राज्य में ऐसा एक संस्थान भी चाहेगी।”

छह नए एनआईपीईआर पटना (हाजीपुर), हैदराबाद, अहमदाबाद, राय बरेली, गुवाहाटी और कोलकाता में प्रस्तावित हैं।

पटनायक ने कहा कि एनआईपीईआर के अस्थायी परिसर के लिए जरूरी निर्मित जगह उपलब्ध कराई जाएगी और स्थायी परिसर के लिए भूमि की व्यवस्था की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने भुवनेश्वर में 64 एकड़ क्षेत्र में एक जैव-प्रौद्योगिकी पार्क भी स्थापित किया है और राज्य में एक फार्मा पार्क तथा एक मेडिकल डिवाइस पार्क की स्थापना की प्रक्रिया भी चल रही है।

उन्होंने कहा, “इसलिए भावी शिक्षकों, अनुसंधान वैज्ञानिकों और उद्योग के लिए पेशेवरों के प्रशिक्षण के लिए ओडिशा में एनआईपीईआर की स्थापना इस क्षेत्र में फार्माश्यूटिकल क्षेत्र के विकास की समग्र योजना में पूरी तरह फिट बैठती है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493