निगम कर्मचारियों ने सिसोदिया के कार्यालय के बाहर कूड़ा डाला

नई दिल्ली, 28 जनवरी (आईएएनएस)। हड़ताल पर चल रहे दिल्ली नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को वेतन न मिलने के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के पूर्वी दिल्ली स्थित कार्यालय के बाहर कूड़े का ढेर इकठ्ठा कर दिया।

प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने अपने वेतन का तत्काल भुगतान किए जाने की मांग की और मांगें शीघ्र पूरी न होने की स्थिति में अनिश्वितकालीन हड़ताल पर जाने की धमकी दी।

सफाई कर्मचारी सिसोदिया के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र, पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज में स्थित उनके कार्यालय के बाहर इकठ्ठा हुए और सरकार विरोधी नारे लगाते हुए उनके कार्यालय के बाहर कूड़े का ढेर लगा दिया।

‘मजदूर विकास संयुक्त मोर्चा’ के अध्यक्ष संजय गहलोत ने कहा, “कई कर्मचारियों को दो-तीन महीनों से वेतन नहीं दिया गया है। अगर हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो हम अनिश्चितकालीन हड़ताल करेंगे।”

उल्लेखनीय है कि बुधवार को दिल्ली के तीनों निगमों के 1.5 लाख से भी अधिक कर्मचारी वेतन न मिलने के कारण तीन दिनों की हड़ताल पर चले गए।

कर्मचारी वेतन के अतिरिक्त बकाया राशि का भुगतान, ठेके पर काम कर रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण और तीनों निगमों के विलय की मांग कर रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493