पटना, 24 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय राज्यमंत्री और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के प्रमुख उपेन्द्र कुशवाहा ने गुरुवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद की बातों में हामी भरना मजबूरी हो गई है। उन्होंने रालोसपा के उम्मीदवारों से चुनाव के दौरान शराब का वितरण नहीं करने का अनुरोध किया।
पटना में पत्रकारों से बातचीत में कुशवाहा ने कहा कि लालू प्रसाद के सामने नीतीश कुमार की कोई औकात नहीं है। लालू अब नीतीश की मजबूरी बन गए हैं। यह कई मामलों में साबित भी हो चुका है।
उन्होंने कहा कि कोई भी पार्टी आरक्षण के विरोध में नहीं है परंतु लालू और नीतीश बेवजह इसे मुद्दा बना रहे हैं परंतु इससे कोई फायदा होने वाला नहीं है।
कुशवाहा ने रालासेपा के उम्मीदवारों को चुनाव के दौरान शराब वितरण नहीं करने का निर्देश देते हुए कहा कि अगर शराब बांटने की शिकायत मिलती है तो पार्टी चुनाव के बीच ही उम्मीदवारों को हटा देगी।
मंत्री ने नीतीश के शराबबंदी की घोषणा पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश ने गांव-गांव शराब दुकान खुलवा दिए हैं और अब कहते हैं कि अगली बार चुन कर आएंगे तो शराबबंदी लागू की जाएगी। नीतीश को ऐसा करने का मौका नहीं मिलने वाला है। उन्होंने कहा कि अगली सरकार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बनेगी और तब शराबबंदी सख्ती से लागू की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath