पटना, 2 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पांच नवंबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित समाजवादी पार्टी (सपा) के रजत जयंती समारोह में भाग लेने की सलाह दी है।
सिंह ने बुधवार को पटना में संवाददाताओं से कहा कि पहले के गिले-शिकवे भूलकर सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को एक साथ आना होगा।
राजद उपाध्यक्ष ने आगे कहा, “जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार को सपा के समारोह में शामिल होना चाहिए। सपा ने सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को समारोह में आने के लिए आमंत्रण दिया है।”
उन्होंने कहा कि पिछला उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव भी जद (यू) ने अकेले लड़ा था, जिसका परिणाम जद (यू) के लिए उत्साहजनक नहीं था। उन्होंने कहा, “सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को एक साथ आना होगा। तभी फिर से राष्ट्रीय स्तर पर महागठबंधन का रास्ता निकलेगा। ऐसा नहीं होने पर भाजपा को ही फायदा होगा।”
इधर, राजद नेता के इस बयान पर जद (यू) के प्रदेश प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “जद (यू) को किसी की नसीहत की जरूरत नहीं है। जद (यू) नेतृत्व किसी भी मामले में खुद फैसला लेने को सक्षम है।” उन्होंने कहा कि जद (यू) ने महागठबंधन बनाकर गैर भाजपा मोर्चा का रास्ता दिखाने का काम किया है।
उल्लेखनीय है कि पांच नवंबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित समाजवादी पार्टी (सपा) के रजत जयंती समारोह में नीतीश कुमार के भाग नहीं लेने का निर्णय लिया है। जबकि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पटना से चार नवंबर को लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
dharmpath.com dharmpath