नई दिल्ली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल में भूकंप के बाद जारी राहत एवं बचाव कार्यो की समीक्षा के लिए रविवार को एक उच्चस्तरीय बैठक की समीक्षा की। इस बैठक में उन्होंने नेपाल में जारी तलाशी एवं बचाव कार्यो में तेजी लाने के निर्देश दिए।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तलाशी एवं बचाव कार्य से जुड़ी विभिन्न एजेंसियों द्वारा भारत और नेपाल में किए गए कामों के बारे में बताया गया। उन्हें आज (रविवार) आए भूकंप के झटके के बाद की परिस्थितियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
मोदी ने इस बैठक में तलाशी एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ नेपाल में फंसे लोगों को निकालने की बात पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया कि नेपाल में फंसे लोगों को जल्द से जल्द निकालने के लिए हवाई मार्ग के अलावा सड़क मार्ग का भी इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी ने राहत एवं बचाव कार्य में जुटीं विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में भोजन, दूध का पाउडर और पानी की आपूर्ति को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री ने शनिवार को भी इसी मुद्दे पर एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया था।
इस बैठक में केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, सुषमा स्वराज, राजनाथ सिंह और मनोहर पर्रिकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, कैबिनेट सचिव अजीत सेठ, अतिरिक्त मुख्य सचिव पी.के. मिश्रा और सरकार के प्रमुख अधिकारी, भारतीय मौसम विभाग और राष्ट्रीय आपदा कार्रवाई बल (एनडीआरएफ) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
dharmpath.com dharmpath