नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय संस्कृति मंत्री महेश शर्मा ने नेहरू स्मृति संग्रहालय एवं पुस्तकालय (एनएमएमएल) के प्रमुख के रूप में पत्रकार स्वप्न दासगुप्ता की संभावित नियुक्ति की खबर का खंडन किया है।
राष्ट्रीय राजधानी में तीन मूर्ति भवन में लाला लाजपत राय की 150वीं जयंती को लेकर आयोजित समारोह से अलग मंत्री ने आईएएनएस से कहा, “खबर में कोई सच्चाई नहीं है। चयन की एक प्रणाली होती है। यह फैसला पुस्तकालय की कार्यकारिणी परिषद को करना है, जो चयन प्रक्रिया का अनुसरण करेगी।”
राजनीतिक टीकाकार स्वपन दासगुप्ता वर्तमान में एनएमएमएल सोसायटी के सदस्य हैं, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री करते हैं। महेश रंगराजन के इस्तीफे के बाद एनएमएमएल के निदेशक का पद सितंबर 2015 से ही रिक्त है।
पद पर नियुक्ति में हो रहे विलंब के बारे में पूछने पर शर्मा ने कहा कि नियुक्ति किसी मंत्री या प्रधानमंत्री द्वारा नहीं की जाती है।
उन्होंने कहा, “निदेशक का पद नामित नहीं है। एनएमएमएल एक स्वायत्तशासी निकाय है। किसी मंत्री या प्रधानमंत्री द्वारा नियुक्ति नहीं की जा सकती।”
शर्मा ने कहा कि पद पर नियुक्ति के लिए कार्यकारिणी परिषद आवेदन मांगेगी।
रंगराजन के इस्तीफे के बाद अच्छा-खासा बवाल हो गया था। विपक्षी पार्टियों व अन्य ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर सांस्कृतिक संस्थाओं में हेरफेर करने का आरोप लगाया था।
सरकार ने हालांकि आरोप लगाया कि पिछली कांग्रेस नीत सरकार में रंगराजन की नियुक्ति में धांधली बरती गई थी।
dharmpath.com dharmpath