नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस तथा जनता दल (युनाइटेड) ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को उसकी पाकिस्तान नीति पर शुक्रवार को आड़े हाथ लिया और कहा कि यह पाकिस्तान को लेकर उसके रणनीतिक भ्रम और अस्पष्ट नीति को दर्शाता है।
कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने जो गलतियां की है, उसे सही करने और आत्मविश्लेषण करने का समय आ गया है और कांग्रेस इस मुद्दे पर उसे सलाह देने के लिए हर वक्त तैयार है।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यहां संवाददाताओं से कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान पर हमारे सामरिकव कूटनीतिक लाभ के पूरे ढांचे को ध्वस्त कर दिया है।”
उन्होंने कहा, “अमेरिका ने पाकिस्तान को एफ-16 विमान बेचने पर लगी रोक हटा दी। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजह को आतंकवादी घोषित करने के भारत के प्रयासों में चीन ने अडं़गा लगा दिया।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “भारत के सबसे भरोसेमंद मित्र रूस ने पाकिस्तान को हथियार बेचने पर लगे एक प्रतिबंध को हटा दिया। वे भी पाकिस्तान के साथ एक सामरिक संबंध बनाने की ओर अग्रसर हैं।”
पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित द्वारा भारत-पाकिस्तान के बीच वार्ता निलंबित करने की गुरुवार को की गई घोषणा पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, “पाकिस्तान द्वारा भारत के साथ वार्ता को अचानक निलंबित कर देना इस बात को दर्शाता है कि नरेंद्र मोदी सरकार ने पाकिस्तान को लेकर नीतियां किस कदर बदली हैं और उसने पड़ोसी देश को वार्ता प्रक्रिया के लिए एजेंडा तय करने की भी मंजूरी दे दी।”
सुरजेवाला ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा द्विपक्षीय वार्ता को एकपक्षीय तरीके से निलंबित कर देना शांति प्रक्रिया के साथ ही द्विपक्षीय मुद्दों को शांतिपूर्वक वार्ता प्रक्रिया से सुलझाने की प्रतिबद्धता से विश्वासघात है।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस की पिछली सरकार द्वारा आतंकवाद के केंद्र पाकिस्तान को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग करने के प्रयास को इस सरकार ने बिगाड़ दिया, क्योंकि पश्चिमी देशों के साथ संबंध बनाने में जुटी मोदी सरकार ने बिना सोच-विचार किए कदम उठाए।”
प्रवक्ता ने कहा, “मोदी ने सबको दरकिनार करते हुए पाकिस्तान के संयुक्त जांच दल (जेआईटी) को पठानकोट में पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा अंजाम दिए गए हमले की जांच का न्योता दे डाला।”
पूर्व राजनयिक व जद (यू) के सांसद पवन कुमार वर्मा ने मोदी सरकार की पाकिस्तान नीति को ‘रणनीतिक भ्रम’ करार दिया।
वर्मा ने ट्वीट किया, “भाजपा सरकार की पाकिस्तान को लेकर सामरिक भ्रम के दयनीय प्रदर्शन से हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा व अंतर्राष्ट्रीय छवि को समझौता करना पड़ा है।”
कांग्रेस प्रवक्ता संजय झा ने ट्वीट किया, “पाकिस्तान ने जले पर नमक छिड़क दिया। भारत पर आतंकवादी हमले के बाद उसने वार्ता को निलंबित करने का दुस्साहस किया।”
वर्ल्ड टी-20 क्रिकेट के फाइनल मैच में चार गेंदों पर चार छक्के देने वाले ब्रिटेन के गेंदबाज बेन स्टोक्स से मोदी की तुलना करते हुए झा ने पोस्ट किया, “पाकिस्तान के संदर्भ में भारत की विदेश नीति के मामले में मोदी जी बेन स्टोक्स हैं।”
झा ने कहा कि अगर मोदी सरकार विदेश नीति को आउटसोर्स करे, तो उन्हें इस बात पर कोई आश्चर्य नहीं होगा।
सुरजेवाला ने कहा, “और जैसा कि पाकिस्तान के लिए स्वाभाविक है, जेआईटी वापस लौटा और उसने पठानकोट हमले के लिए भारत पर ही षड्यंत्र रचने का आरोप लगा दिया।”
सुरजेवाला ने कहा, “एक जिम्मेदार विपक्षी पार्टी होने के नाते हमारा मानना है कि यह समय सरकार को रुकने, चीजों को देखने और उसे ठीक करने का है। जब भी जरूरत पड़ेगी, हम सरकार को सहयोग करने के लिए तैयार हैं।”
dharmpath.com dharmpath