पुलिस छोटा राजन पर शिकंजा कसने की तैयारी में

मुंबई, 3 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस अंडरवर्ल्ड डॉन राजेंद्र एस.निखलजे उर्फ छोटा राजन पर शिकंजा कसने की तैयारी में है, क्योंकि उसे बहुत जल्द यहां लाए जाने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

ऑस्ट्रेलियाई संघीय पुलिस की एक खुफिया सूचना पर भारत के केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के अनुरोध पर छोटा राजन को इंडोनेशियाई पुलिस ने बाली में 26 अक्टूबर को गिरफ्तार किया।

यह पूछे जाने पर कि फरार माफिया डॉन को भारत कब लाया जाएगा, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसपर टिप्पणी करने से इंकार कर दिया और कहा कि पुलिस आयुक्त जावेद अहमद इस विषय पर मीडिया से बात करेंगे।

वर्तमान में भारतीय अधिकारी छोटा राजन को इंडोनेशिया से वापस भारत लाने की आवश्यक तैयारी में जुटे हुए हैं। वह बीते दो दशक से फरार चल रहा था।

राजन ने इंडोनेशिया में सोमवार को एक चौंकानेवाला खुलासा करते हुए कहा कि मुंबई पुलिस के कुछ अधिकारी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ मिले हुए हैं, जो संभवत: पाकिस्तान में छिपा हुआ है।

अतीत में मुंबई पुलिस पर अपने उत्पीड़न का दावा करते हुए छोटा राजन ने मांग की कि उसे मुंबई की जगह नई दिल्ली ले जाया जाए।

मुंबई पुलिस के अधिकारी हालांकि छोटा राजन के वापस लौटने की तैयारियों में लगे है और अस्थायी संकेतों के मुताबिक उसे आर्थर रोड जेल के अंडा सेल में रखा जा सकता है।

उच्च सुरक्षा वाले अंडा सेल को पाकिस्तानी आतंकवादी मोहम्मद अजमल कसाब के लिए तैयार किया गया था।

शहर की पुलिस छोटा राजन के लौटने का बेसब्री से इंतजार कर रही है, क्योंकि मुंबई के दिग्गज पत्रकार ज्योतिर्मय डे की हत्या सहित कई मामलों में वह वांछित है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493