नई दिल्ली, 14 जून (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश की पूर्व राज्यपाल और पूर्व केंद्रीय मंत्री शीला कौल का निधन हो गया। वह 101 वर्ष की थीं।
उनके परिवार के सदस्यों ने बताया कि वह कुछ दिनों से बीमार थीं और उनका शनिवार को निधन हो गया।
लोकसभा के लिए पांच बार निर्वाचित शीला सबसे अधिक उम्र की पूर्व सांसद थीं। वह देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की रिश्तेदार थीं।
शीला 1980 में केंद्रीय मंत्री बनाई गई थीं। उन्हें शिक्षा मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया था।
1991 में वह शहरी विकास मंत्री बनाई गई थीं। 1995 में वह एक साल के लिए हिमाचल प्रदेश की राज्यपाल रहीं।
शीला के परिवार ने सात फरवरी को उनका 101वां जन्मदिन मनाया था। इस दिन गाजियाबाद स्थित उनके आवास में कश्मीरी परंपरानुसार हवन कराया गया था।
dharmpath.com dharmpath