बोगोटा, 24 सितंबर (आईएएनएस)। दक्षिणी अमेरिकी देश में पिछले 52 सालों से चल रहे गृहयुद्ध को समाप्त करने के लिए रिवॉल्यूशनरी आर्म्ड फोर्सेज ऑफ कोलंबिया (फार्क) विद्रोहियों ने अपने लड़ाकों से शांति समझौते की पुष्टि करने के लिए मतदान करने के लिए कहा है।
वरिष्ठ विद्रोही नेता इवान मार्केज ने संवाददाताओं को फार्क की समापन सभा के दौरान बताया, “हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि गुरिल्ला प्रतिनिधियों ने शांति समझौते के लिए सर्वसम्मति से समर्थन दे दिया है।”
समझौते के तहत एक निर्धारित समय सारिणी में फार्क को अंतर्राष्ट्रीय सत्यापन के अनुपालन के लिए हथियार डालना होगा।
मार्केज ने कहा, “दूरदराज के गांव एल दिआमांते में एकत्र हुए लगभग 200 प्रतिनिधियों के बीच सर्वसम्मति होना विद्रोही सेना के ‘आंतरिक सामंजस्य’ को दर्शाता है।”
इस मौके पर उन्होंने फार्क के प्रथम मोर्चे को शांति समझौते का विरोध करना बंद करने और सभा के फैसले को अपनाने के लिए कहा।
उन्होंने बागी लड़ाकों को संबोधित करते हुए कहा, “फार्क, एक कानूनी राजनीतिक आंदोलन के रूपांतरण के लिए आपको एक परिवार के सदस्य के रूप में अपनाने के लिए अपने दरवाजे फिर से खोलता है।”
शांति समझौते की शुरुआत हवाना में पिछले महीने हुई थी। वार्ता कार्यक्रम की शुरुआत नवंबर 2012 में हुई थी और इस पर औपचारिक रूप से सोमवार 26 सितंबर को राष्ट्रपति जुआन मैनुअल सैंटोस और फार्क कमांडर रोड्रिगो लोंडोनो ईचेवेरी द्वारा हस्ताक्षर किया जाएगा।
हवाना में विद्रोहियों की वार्ता टीम का नेतृत्व करने वाले मार्केज के मुताबिक, शांति को बढ़ावा देने के लिए एल दिआमांते में प्रतिनिधियों ने फार्क के प्रमुख निर्णायक निकाय सचिवालय का नौ से 61 सदस्यों की संख्या तक विस्तार करने के लिए मतदान किया है।
उन्होंने कहा कि देश के इस पुनर्मिलन से न ही कोई विजेता बनता है और न ही कोई परास्त होता है।
शांति समझौते पर जनमत संग्रह के लिए कोलंबिया में दो अक्टूबर को चुनाव होगा।
dharmpath.com dharmpath