बंगाल नौका दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 18 हुई (लीड-1)

कोलकाता, 16 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले में हुगली नदी में शनिवार रात हुई नौका दुर्घटना में मरने वालों की संख्या सोमवार को बढ़कर 18 हो गई है।

नौका में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जो बर्दवान जिले में काल्ना घाट के नजदीक हादसे का शिकार हो गई। यह नदिया जिले में शांतिपुर की ओर जा रही थी।

बर्दवान के जिलाधिकारी सौमित्र मोहन ने कहा, “अब तक 18 शव निकाले जा चुके हैं।”

नदिया के जिलाधिकारी विजय भारती ने रविवार को 12 लोगों के लापता होने की बात कही थी।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के नेतृत्व में खोज अभियान रविवार से ही चलाए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर बचाव एवं खोज अभियान देरी से शुरू किए जाने का आरोप लगाते हुए रविवार को प्रदर्शन किया था और शांतिपुर के नृसिंहघाट पर कई नौकाओं को आग के हवाले कर दिया था। नाराज लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया था, जिसमें कई घायल हो गए थे।

भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े थे।

प्रशासन ने बचाव एवं खोज अभियान शुरू किए जाने में देरी के आरोपों से इनकार किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493