बंगाल में नौका पलटने के बाद हिंसा भड़की (लीड-1)

कोलकाता, 15 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले में हुगली नदी में नौका के पलटने से पांच लोग लापता हो गए हैं।

पुलिस ने रविवार को बताया कि स्थानीय लोगों ने बचाव कार्यो में देरी का आरोप लगाते हुए हिसक प्रदर्शन किए।

शनिवार रात हुगली में नौका के पलटने से यह हादसा हुआ। नौका में क्षमता से अधिक लोग सवार थे।

पहले पुलिस ने बताया था कि हादसे में 20 लोग लापता हुए हैं। लेकिन, बाद में बर्दवान के पुलिस अधीक्षक गौरव शर्मा ने केवल पांच लोगों के लापता होने की बात कही।

स्थानीय लोगों ने इन आंकड़ों को गलत बताते हुए कहा कि लापता लोगों की संख्या लगभग 50 है।

एक व्यक्ति ने बताया, “नौका में 100 से अधिक लोग सवार थे, जिसमें कई बच्चे भी थे। नौका रात में लगभग 11 पलट गई लेकिन पुलिस सुबह घटनास्थल पर पहुंची। काफी लोग लापता हैं।”

पुलिस अधीक्षक गौरव शर्मा ने कहा कि गोताखोरों को काम में लगाया गया है। बचाव एवं खोज अभियान जारी है।

बर्दवान के काल्ना घाट से नादिया जिले के शांतिपुर जा रही नौका शनिवार रात को हुगली नदी में पलट गई।

स्थानीय प्रशासन द्वारा बचाव कार्य शुरू करने में देरी की वजह से नाराज लोगों ने शांतिपुर और काल्ना घाट पर कई नौकाओं में आग लगा दी।

शांतिघाट पर खोज एवं बचाव अभियान के लिए आए पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। पुलिस ने हिंसक प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।

पुलिस अधिकारी ने बचाव कार्यो में जान बूझकर देरी करने के आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि वे बचाव अभियान शुरू करने के लिए आपदा प्रबंधन समूह के कर्मियों के आने का इंतजार कर रहे थे।

पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री व तृणमूल कांग्रेस के विधायक स्वप्न देबनाथ ने बचाव कार्यो में देरी की बात को गलत बताया।

देबनाथ ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद कहा, “इस हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन ने बचाव कार्य शुरू कर दिया। कई लोगों को बचा लिया गया है। कुछ लोग अपनी राजनीतिक पृष्ठभूमि के आधार पर गलत आरोप लगा रहे हैं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493