बड़वानी, 20 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में रविवार को सुबह की सैर पर निकले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मंडल अध्यक्ष मनोज ठाकरे का शव खेत में मिला है। उनकी पत्थर से कुचलकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। वहीं राज्य के गृहमंत्री बाला बच्चन ने हत्या में किसी करीबी के होने की आशंका जताई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बालवाड़ी मंडल के अध्यक्ष ठाकरे रविवार की सुबह लगभग पांच बजे सैर पर निकले थे, मगर उनका शव खेत में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव के खून से लथपथ मिलने के कारण उनकी पत्थर से कुचलकर से हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बड़वानी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओमकार सिंह कलेश ने आईएएनएस से ठाकरे का शव खेत में मिलने की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मौके पर पहुंच गई है और जांच की जा रही है।
राज्य के गृहमंत्री बाला बच्चन ने संवाददाताओं से कहा, “ठाकरे की हत्या करने वाले उनके करीबी हो सकते हैं। मंदसौर में भी ऐसा ही हुआ था, वहां भी भाजपा नेता का हत्यारा उनका करीबी निकला।”
ज्ञात हो कि मंदसौर जिले में गुरुवार की रात को नगर पालिका अध्यक्ष प्रहलाद बंधवार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्या का आरोप भाजपा कार्यकर्ता मनीष बैरागी पर लगा। हत्या की वजह जमीनी विवाद बताया गया।
dharmpath.com dharmpath