पटना-बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल के बीच पटना पुलिस ने शनिवार (1 नवंबर) की देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मोकामा के चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में पूर्व विधायक और एनडीए प्रत्याशी अनंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी पटना के एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम ने की.
टीम ने बाढ़ स्थित कारगिल मार्केट में छापेमारी कर अनंत सिंह को हिरासत में लिया, जिसके बाद उन्हें पटना लाया गया. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से ऐसी सूचनाएं मिल रही थीं कि हत्याकांड में नाम आने के बाद अनंत सिंह जल्द ही पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर सकते हैं.
इसी सूचना के आधार पर पटना एसएसपी की टीम ने देर रात बाढ़ में उनके आवास और आसपास के ठिकानों पर दबिश दी. इस दौरान अनंत सिंह को कारगिल मार्केट से पकड़ा गया. पुलिस ने उनके साथ मौजूद दो अन्य समर्थकों रंजीत और मणिकांत ठाकुर को भी गिरफ्तार किया है. एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि तीनों की गिरफ्तारी औपचारिक रूप से की गई है, उन्होंने सरेंडर नहीं किया है.
dharmpath.com dharmpath