बिहार : इंजीनियर हत्याकांड के आरोपी मुकेश के 4 सहयोगी गिरफ्तार

पटना, 14 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के दरभंगा में दो इंजीनियरों की हत्या मामले के मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी मुकेश पाठक की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने अब उसके सहयोगियों को पकड़ने की कवायद तेज कर दी है। विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और जिला पुलिस ने गुरुवार को संयुक्त छापेमारी कर सीतामढ़ी और शिवहर से उसके चार सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने कई हथियार भी बरामद किए हैं।

राज्य पुलिस मुख्यालय के अनुसार, एसटीएफ ने सीतामढ़ी और शिवहर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर मुकेश के दो सहयोगी और शूटर विजय झा तथा शंकर झा सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों के पास से पुलिस ने दरभंगा में इंजीनियरों की हत्या में इस्तेमाल हथियार एके-56 राइफल, दो पिस्तौल और 25 गोलियां बरामद की हैं।

दरभंगा में हुए दो इंजीनियरों की हत्या के मामले में अपराधियों ने अत्याधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुकेश पाठक से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के मुताबिक, एसटीएफ लगातार उसके सहयोगियों को गिरफ्तार करने में जुटी है। मुकेश तीन दिनों की पुलिस रिमांड पर है।

उल्लेखनीय है कि 11 जुलाई को एसटीएफ ने मुकेश को झारखंड के रामगढ़ से गिरफ्तार किया था।

मुकेश पर दरभंगा में दो इंजीनियरों की हत्या सहित राज्य के 16 से ज्यादा हत्या और अपहरण जैसे संगीन मामले के आरोप हैं।

गौरतलब है कि दरभंगा जिले के बहेड़ी थाना क्षेत्र के शिवराम-गंगदह सड़क निर्माण के दौरान पिछले वर्ष 26 दिसंबर को रंगदारी को लेकर बीएनसी एंड सीएनसी के दो इंजीनियर ब्रजेश कुमार सिंह और मुकेश कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493