बांका, 7 दिसम्बर (आईएएनएस)। बिहार के बांका जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अपराधियों ने पिछले 24 घंटे के दौरान एक पूर्व मुखिया और एक आभूषण विक्रेता की हत्या कर दी।
बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र में एक पूर्व मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या का कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, नगड्डी पंचायत के पूर्व मुखिया महेन्द्र पंजियारा सोमवार को अमरपुर की ओर जा रहे थे, तभी अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी।
अमरपुर के थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि पूर्व मुखिया का अपने ही परिवारों के साथ एक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। आंशका जताई जा रही है कि इसी विवाद में पूर्व मुखिया की हत्या की गई है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
इधर, रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक आभूषण विक्रेता की गला रेतकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, आनंद कॉलोनी के रहने वाले गणेश शाह के पुत्र अरविंद कुमार अमरपुर के मकदुम्मा से अपनी सोने-चांदी की दुकान बंद कर बांका लौट रहे थे, तभी रास्ते में अज्ञात लोगों ने तेज धारदार हथियार से गला रेत कर युवा व्यवसायी की हत्या कर दी।
अपराधियों ने व्यवसायी की हत्या करने के साथ ही उसके शरीर पर तेजाब भी डाल दिया है। हत्या के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।
dharmpath.com dharmpath