बिहार के हरलाखी उपचुनाव में रालोसपा जीती (राउंडअप)

पटना/मधुबनी, 16 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के मधुबनी जिले के हरलाखी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के प्रत्याशी सुधांशु शेखर विजयी रहे। उन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी को 18 हजार से ज्यादा मतों से पराजित किया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय के अनुसार, मंगलवार को हुई मतगणना में रालोसपा के उम्मीदवार सुधांशु शेखर ने सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल कांग्रेस के मोहम्मद शब्बीर को 18,650 मतांे से पराजित किया। कांग्रेस के उम्मीदवार को 43,784 मत हासिल हुए।

तीसरे स्थान पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के प्रत्याशी रामनरेश पांडेय रहे, जिन्हें कुल 19835 मतों से संतोष करना पड़ा। पिछले वर्ष हुए विधानसभा चुनाव में रालोसपा के उम्मीदवार बसंत कुशवाहा इस सीट से 3,892 मतों से विजयी हुए थे। यहां कुल नौ उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे।

इस उपचुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद समेत महागठबंधन के तमाम नेताओं ने प्रचार किया था। दीगर बात है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस उपचुनाव को लेकर चुनाव मैदान में नहीं उतरे थे।

हरलाखी में जीत की सूचना मिलने के साथ ही राजग के नेता पटना से लेकर मधुबनी तक जश्न मनाने लगे। रालोसपा कार्यालय में मिठाइयां बांटी गईं। रालोसपा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह जीत बिहार की जनता की जीत है। इस परिणाम ने यह साबित कर दिया कि बिहार के लोगों को सत्ताधारी महागठबंधन से मोहभंग हो चुका है।

उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में जीत का अंतर करीब 4000 था वहीं इस बार जीत का अंतर 18000 से ज्यादा है। इधर, विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता प्रेम कुमार ने कहा कि यह जीत लालू प्रसाद और नीतीश कुमार के लिए सबक है।

इधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि राजग के प्रत्याशी को सहानुभूति का फायदा मिला। उन्होंने कहा कि इस परिणाम का सरकार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जनता का फैसला स्वीकार है।

उल्लेखनीय है कि हरलाखी उपचुनाव में शनिवार को मतदान हुआ था। इस उपचुनाव में कुल संख्या 2,58,371 मतदाताओं में से 55.5 प्रतिशत मतदाताओं ने 242 मतदान केंद्रों पर अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

राजग ने रालोसपा के दिवंगत विधायक बसंत कुशवाहा के पुत्र सुधांशु शेखर को अपना उम्मीदवार बनाया था, जबकि महागठबंधन ने कांग्रेस के मोहम्मद शब्बीर को चुनाव मैदान में उतारा था।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव में रालोसपा के विधायक बसंत कुशवाहा का निधन हो जाने के कारण यह सीट खाली हो गई थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493