सासाराम, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के रोहतास जिले के करहगर थाना क्षेत्र में अज्ञात लुटेरों ने एटीएम में रुपये डालने जा रही एक कैश वैन से 20 लाख रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, करहगर बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम में मंगलवार की रात ‘राइटर सेफ कंपनी’ के कर्मचारी रुपये डालने पहुंचे थे। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो लुटेरों ने इनसे 20 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया।
करहगर के थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बुधवार को बताया कि लूट के दौरान कैश वैन में कंपनी का चालक, गार्ड और अन्य दो कर्मी सवार थे। पुलिस इस मामले में सभी से पूछताछ कर रही है।
उन्होंने बताया कि इस लूट में किसी प्रकार की कोई मारपीट नहीं हुई न ही किसी हथियार का इस्तेमाल किया गया, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath