बिहार चुनाव : भाजपा 160, लोजपा 40, रालोसपा 23 व हम 20 सीटों पर लड़ेंगे (लीड-1)

नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के साथ सीटों के बंटवारे को अंतिम रूप दे दिया।

राज्य विधानसभा की 243 सीटों में से भाजपा 160 पर चुनाव लड़ेगी। शेष 83 सीटें पार्टी ने अपने तीन सहयोगी दलों-लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के लिए छोड़ दी हैं।

सहयोगी दलों को दी गई सीटों में सर्वाधिक 40 सीटें राम विलास पासवान की लोजपा को दी गई हैं। इसके बाद 23 सीटें उपेंद्र कुशवाहा की रालोसपा और 20 सीटें पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हम को दी गई हैं।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने सोमवार को भाजपा अध्यक्ष से एक बार फिर उनके आवास पर मुलाकात की, जिसके बाद अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान सीटों के बंटवारे की घोषणा की।

शाह ने यह भी कहा कि समझौते के मुताबिक, हम के कुछ उम्मीदवार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।

संवाददाता सम्मेलन के दौरान पासवान, मांझी व कुशवाहा भी मौजूद थे।

शाह ने बिहार के मतदाताओं से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को एक मौका देने की अपील की।

शाह ने संवाददाताओं से कहा, “बिहार के लोगों ने कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) तथा जनता दल (युनाइटेड) को सत्ता सौंपी। मैं उनसे राजग को एक मौका देने की अपील करता हूं।”

बिहार में 243 सीटों वाले विधानसभा के लिए चुनाव पांच चरणों में होंगे। पहले चरण का मतदान 12 अक्टूबर को, जबकि अंतिम चरण का मतदान पांच नवंबर को होगा। मतगणना आठ नवंबर को होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493