बिहार : जेएनयू विवाद पर एआईएसएफ , भाजपा कार्यकर्ता भिड़े

पटना, 18 फरवरी (आईएएनएस)। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) सहित कई छात्र संगठनों ने बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय के समक्ष जमकर हंगामा किया।

राष्ट्रीय राजधानी स्थित जेएनयू की घटना को लेकर भाजपा और वामपंथी छात्र संगठनों के बीच पथराव भी हुआ। बाद में हालांकि पुलिस ने हल्का बल प्रयेाग कर छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं को खदेड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, एआईएसएफ के छात्र विरोध मार्च करते हुए भाजपा कार्यालय पहुंचे और हंगामा करना शुरू किया। इस क्रम में भाजपा कार्यकर्ता भी उग्र हो गए और दोनों आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों ओर से पथराव हुआ। कुछ देर तक भाजपा कार्यालय के सामने अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

इस बीच पहुंची पुलिस को भी आक्रोशित दोनों पक्षों के विरोध का सामना करना पड़ा। हालांकि बाद में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर मामले को शांत करा दिया। इस पथराव में आधा दर्जन लोगों के घायल होने की सूचना है।

इधर, भाजपा नेता संजय मयूख ने कहा कि वामपंथी संगठनों द्वारा भाजपा कार्यालय पर हमला किया गया, परंतु पुलिस मूकदर्शक बनी रही। उन्होंने कहा कि भाजपा यह कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

इधर, बेगूसराय में भी एआईएसएफ कार्यकर्ताओं ने कन्हैया की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाया। बेगूसराय एआईएसएफ के नेता रामकृष्ण ने कहा कि केन्द्र सरकार निर्दोष को देशद्रोही बना रही है। इसे देश कभी सहन नहीं करेगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493