किशनगंज, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के किशनगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना प्रकाश में आई है, जिसमें एक नाबालिग लड़की ने अपने ही पिता और भाई पर दुष्कर्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस ने भी तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, नवाबगंज की रहने वाली पीड़िता का आरोप है कि उसके अपने ही घर में उसके पिता और भाई ने पहले मारपीट की और फिर उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। नाबालिग द्वारा शोर मचाने और मां व स्थानीय लोगों के पहुंचने के बाद आरोपियों को पकड़ लिया गया और उनकी जमकर धुनाई कर दी गई।
किशनगंज के पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने शुक्रवार को बताया कि गुरुवार की देर शाम पीड़िता के बयान के आधार पर इस मामले की एक प्राथमिकी नगर थाने में दर्ज कर ली गई है और आरोपी पिता मोहम्मद असलम और भाई मोहम्मद राजू को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आरोपियों ने आरोपों को गलत बताया है।
dharmpath.com dharmpath