बिहार : पत्नी के नामांकन के लिए पहुंचे पैक्स अध्यक्ष पर बम से हमला

जमुई, 5 मार्च (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले के चकाई प्रखंड कार्यालय के सामने अज्ञात बदमाशों ने शनिवार दिनदहाड़े कल्याणपुर के प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति (पैक्स) अध्यक्ष अर्जुन यादव पर बम से हमला कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतक अपनी पत्नी का मुखिया पद के लिए नामांकन पर्चा दाखिल कराने प्रखंड कार्यालय आए थे।

पुलिस के अनुसार, कल्याणपुर पंचायत के पैक्स अध्यक्ष और पूर्व मुखिया अर्जुन यादव अपनी पत्नी का पंचायत चुनाव के लिए नामांकन का पर्चा दाखिल करने जा रहे थे, तभी अज्ञात अपराधियों ने चकाई प्रखंड कार्यालय के सामने उन पर बम से हमला कर दिया। इस हमले में यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

चकाई के थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार ने आईएएनएस को बताया कि पैक्स अध्यक्ष का शव उनके पैतृक गांव लाहाबन ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि चकाई थाना क्षेत्र की सीमा को सीलकर अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अपराधी दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए थे और घटना को अंजाम देने के बाद मोटरसाइकिल से ही फरार हो गए। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

उल्लेखनीय है कि बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर नामांकन पत्र दाखिल करने का कार्य चल रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493