बिहार : फरार राजद विधायक के 13 बैंक खाते सील, फ्लैट भी कुर्क

पटना, 1 मार्च (आईएएनएस)। पैसे देकर लाई गई एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी फरार राजद विधायक राजवल्लभ प्रसाद यादव की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। यादव के पैतृक गांव में संपत्ति कुर्क करने के बाद पुलिस ने मंगलवार को पटना स्थित एक फ्लैट को भी कुर्क कर लिया और विभिन्न बैंकों में उसके 13 खातों को सील करवा दिया।

नालंदा के पुलिस अधीक्षक कुमार आशीष ने मंगलवार को बताया कि अदालत के आदेश के बाद फरार विधायक के पटना के गर्दनीबाग स्थित एक अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कुर्की-जब्ती की गई। उन्होंने बताया कि विधायक के विभिन्न बैंकों के 13 खाते सील कर दिए गए हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस विधायक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। आशीष ने बताया कि विधायक की और संपत्तियों का पता लगाया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि नवादा जिला न्यायालय के आदेश के बाद विधायक के पैतृक गांव इंगलिश पथरा स्थित संपत्ति को रविवार और सोमवार को कुर्क किया गया था।

इस मामले में विधायक के चार सहयोगियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। जिला सत्र न्यायालय विधायक की अग्रिम जमानत याचिका पहले ही खारिज कर चुका है।

उल्लेखनीय है कि नालंदा जिले के रहुई थाने के सुल्तानपुर की 15 वर्षीय नाबालिग लड़की ने नालंदा महिला थाने में नौ फरवरी को दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई है।

दर्ज प्राथमिकी में पीड़ित किशोरी ने आरोप लगाया है कि छह फरवरी को बिहारशरीफ के धनेश्वर घाट मुहल्ले की सुलेखा देवी उसे एक जन्मदिन की पार्टी में ले जाने के बहाने गिरियक ले गई और उसे विधायक के हवाले कर दिया। विधायक ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

किशोरी को सात फरवरी को बिहारशरीफ में उसके घर छोड़ दिया गया और उसे धमकी देकर मुंह बंद रखने को कहा गया। किशोरी ने बताया कि दुष्कर्म के बाद महिला ने उसे 30,000 रुपये दिए थे।

नवादा से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक राजवल्लभ को पार्टी ने निलंबित कर दिया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493