पटना, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के पथ निर्माण मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नंदकिशोर यादव ने यहां बुधवार को कहा कि छठ पर्व के मौके पर व्रतियों को नदी में जाने के लिए राज्य में विभिन्न नदियों पर बन रहे नौ पीपा पुलों (पाईप से बनने वाले अस्थायी पुल) को छठ पर्व से पहले प्रारंभ करने का आदेश दिया गया है।
उन्होंने कहा कि राजधानी पटना में गंगा नदी पर बनने वाले चार पीपा पुलों को भी छठ पर्व के पूर्व प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
पटना में एक संवाददाता सम्मेलन में यादव ने कहा कि छठ पर्व के मौके पर गंगा नदी से गुजरने वालों की सुविधा के लिए बिहार राज्य पुल निर्माण निगम को पीपा पुल जल्द प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि वैशाली जिले में चकोसन और छपरा जिले में पहलेजा से गद्दीपट्टी पीपा पुल, पश्चिम चंपारण में ठकराहा और नौतन प्रखंड के बीच तीन छारण पुजहाघाट, श्रीनगर घाट और जगराहा घाट पीपा पुल को छठ के पूर्व प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पीपा पुल के निर्माण में विलम्ब से बचने के लिए विभाग ने पिछले वर्ष ही पीपा पुलों के निर्माण के लिए पांच वषरें की निविदा एक साथ निकाली थी।
उन्होंने कहा कि पटना के गंगा नदी पर गायघाट पर महात्मा गांधी पुल के समानांतर पीपा पुल, कच्ची दरगाह से रुस्तमपुर, दानापुर से पानापुर और ग्यासपुर से काला दियारा के बीच पीपा पुल बनाया जाता है। उन्होंने बताया कि राज्य में नदियों पर पहले जनवरी से जून तक पीपा पुल पर आवागमन होता था, लेकिन अब इसे नवम्बर से चालू करने का आदेश दिया गया है।
बक्सर जिले में नैनीजोर और भोजपुर जिले में महुली में गंगा नदी पर पीपा पुल के दिसम्बर महीने में प्रारंभ करने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए निविदा प्रक्रिया जल्द प्रारंभ की जाएगी।
dharmpath.com dharmpath