बिहार में छात्र की हत्या के विरोध में गया बंद

गया, 9 मई (आईएएनएस)। बिहार के गया शहर में महज गाड़ी ओवरटेक करने को लेकर छात्र आदित्य सचदेवा की हत्या के विरोध में सोमवार को आहूत बंद को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता सोमवार को सड़कों पर उतरे। राजग नेताओं ने राज्य में ‘जंगलराज’ करार देते हुए आरोपी जनता दल (युनाइटेड) की विधान पार्षद के आरोपी बेटे की गिरफ्तारी की मांग की।

राजग नेताओं द्वारा सोमवार को आहूत गया बंद का मिलाजुला असर देखने को मिला है। बंद को सफल बनाने के लिए राजग नेता सुबह से ही सड़कों पर उतरे हुए हैं। राजग नेताओं ने कहा कि बिहार में ‘जंगलराज’ लौट आया है।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात बोधगया से लौट रहे जद (यू) विधान पार्षद मनोरमा देवी के बेटे रॉकी की लैंड रोवर कार को एक व्यवसायी के बेटे आदित्य सचदेवा ने ओवरटेक किया, जिसके बाद दोनों में कहासुनी हुई। इसी दौरान, रॉकी ने कथित तौर पर आदित्य को गोली मार दी। बुरी तरह घायल आदित्य की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

राजनीतिक कार्यकर्ताओं, कारोबारियों और आम लोगों की भीड़ ने सुबह से ही विभिन्न सड़कों पर आवागमन अवरुद्ध कर दिया और आगजनी की। लोगों ने पुलिस और सरकार के विरोध में नारेबाजी की। छात्र की हत्या के विरोध में शहर की छोटी-बड़ी दुकानों के अलावा सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी बंद रहे।

इस बंद का गया ‘चैंबर ऑफ कॉमर्स’ ने भी समर्थन किया है। शहर के अधिकांश दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर सड़क पर उतर आए हैं।

बंद में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा सहित राजग के सभी घटक दल शामिल हैं।

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व स्थानीय विधायक डॉ़ प्रेम कुमार भी कार्यकर्ताओं के साथ सड़क पर उतरे। उन्होंने नीतीश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जब से महागठबंधन के साथ मिलकर नीतीश कुमार ने सरकार बनाई है, तब से बिहार में ‘जंगलराज’ लौट आया है।

प्रेम कुमार ने आरोपी के पिता के बारे में कहा कि सत्तारूढ़ दल की एमएलसी मनोरमा देवी के पति बिंदी यादव का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उनके पुत्र रॉकी यादव ने आदित्य की हत्या की। उन्होंने दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग की।

बंद के मद्देनजर गया में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। गया मुख्य चौक-चौराहों और शहर के मध्य में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। किसी अनहोनी की आशंका के मद्देनजर गया के सभी थानों को अलर्ट पर रखा गया है।

इस मामले में आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। गया की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गरिमा मलिक ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई ठिकानों पर छापेमारी की है। रॉकी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अन्य राज्यों में भी दबिश दे रही हैं।

इस मामले में पूछताछ के लिए रॉकी के पिता बिंदी यादव और विधानपार्षद के एक अंगरक्षक राजेश कुमार को हिरासत में लिया गया है। बिंदी यादव का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

राज्य के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि इस मामले में पुलिस कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि दोषी कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493