बिहार में पूर्व विधायक के भांजे की हत्या

नवादा, 23 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार के नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में सोमवार की रात पूर्व विधायक कन्हैया कुमार के भांजे विद्यासागर राजवंशी की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। उसका शव मंगलवार को जंगलों से बरामद किया है।

रजौली के थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि विद्यासागर सोमवार को वसंत पंचमी के मौके पर श्रृंगी ऋषि पहाड़ पर मेला देखने गया था। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर मंगलवार को विद्यासागर का शव हरदिया गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल से बरामद किया गया है।

उन्होंने उसकी पीट-पीट कर हत्या किए जाने का अंदेशा जताया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने बताया कि हत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यासागर ने दो महीने पहले इसी गांव की एक लड़की से प्रेम विवाह किया था, जिससे युवती के परिजन नाराज थे। धनबाद निवासी विद्यासागर कुछ दिन पहले अपने मामा तथा पूर्व में रजौली क्षेत्र से विधायक रहे हरदिया गांव निवासी कन्हैया कुमार के घर आया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493